(संवाद एक्सप्रेस)नीलकंठ धिरहे
बलौदाबाजार, सतनामी समाज के प्रमुख धार्मिक स्थल गिरौदपुरी मंदिर परिसर के पास शुक्रवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आसपास की करीब दस दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी बनी वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर के पास लगे ट्रांसफार्मर पर एक बंदर कूद गया जिससे डीओ (ड्रॉप आउट) उड़ने के दौरान चिंगारी निकली और आग भड़क गई आसपास की दुकानों में कपड़े साड़ी और लकड़ी का सामान होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया
स्थानीय लोगों और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही गिरौदपुरी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अश्वनी पडवार के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया फायर ब्रिगेड के पहुंचने में समय लगने की आशंका को देखते हुए लोगों ने बाल्टी और बर्तनों से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की।
फायर ब्रिगेड ने पाया नियंत्रण
बाद में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया समय रहते आग को मंदिर परिसर तक फैलने से रोक लिया गया जिससे एक बड़ी घटना टल गई।
नुकसान का आकलन जारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर में बंदर के कूदने से आग लगी थी घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है लेकिन लगभग दस दुकानें जलकर राख हो गईं प्रभावित दुकानदारों के नुकसान का पंचनामा तैयार किया जा रहा है।

















