(संवाद एक्सप्रेस)दुर्ग। पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज दुर्ग श्री अभिषेक शांडिल्य का बालोद जिले में प्रथम आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने गुरूर में नवीन एसडीओपी कार्यालय का शुभारंभ किया एवं पुलिस कार्यालय बालोद में राजपत्रित अधिकारियों व थाना प्रभारियों की बैठक ली।
पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल द्वारा पुलिस महानिरीक्षक महोदय का स्वागत कर जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध स्थिति, यातायात व्यवस्था एवं विभिन्न डिवीजनों की जानकारी से अवगत कराया गया। बैठक में आईजीपी महोदय ने अधिकारियों से परिचय लेकर कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील, निष्पक्ष एवं प्रभावी पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया तथा सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय एवं कार्यकुशलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि थाना स्तर के कार्यों की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए तथा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

संज्ञेय अपराधों में समय पर एफआईआर दर्ज करने, गंभीर अपराधों की विवेचना वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में कराने तथा विलंब से बचने के निर्देश दिए गए। साथ ही खात्मा एवं खारिजी प्रकरणों को समय पर न्यायालय में प्रस्तुत करने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस महानिरीक्षक ने चौक-चौराहों पर शराब के नशे में हुड़दंग एवं गुंडागर्दी करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
बीट प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर सतत भ्रमण करने, ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने तथा वरिष्ठ अधिकारियों को समय पर सूचित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों को अधीनस्थ कर्मचारियों के मार्गदर्शन एवं समस्याओं के समाधान हेतु नियमित सुपरविजन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही नेटग्रिड जैसे तकनीकी कार्यों के लिए जिले में मल्टीपल स्टाफ तैयार कर कार्यभार संतुलित रखने के निर्देश दिए।
तकनीकी सुदृढ़ीकरण के तहत सीसीटीएनएस योजनांतर्गत एमएलसी एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट को ऑनलाइन माध्यम से संबंधित अस्पतालों तक भेजने, एनसीआरबी द्वारा विकसित ई-समंस समन्वय पोर्टल, साइबर क्राइम पोर्टल (NCCRP), Netgrid, JCCTP एवं पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए लंबित अपराध, मर्ग, गुम इंसान एवं शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। समयबद्ध प्रकरणों में 60 से 90 दिनों के भीतर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
कम्यूनिटी पुलिसिंग को सुदृढ़ करने, आमजन से सतत संवाद स्थापित करने, मजबूत सूचना तंत्र विकसित करने एवं विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही अपराधों की रोकथाम हेतु रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग, कॉम्बिंग ऑपरेशन एवं सरप्राइज चेकिंग के माध्यम से वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश दिए गए।
ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, साइबर अपराध एवं सोशल मीडिया के माध्यम से हो रहे अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
उक्त बैठक में पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर, डीएसपी श्रीमती माया शर्मा, डीएसपी श्री बोनिफास एक्का, डीएसपी श्री राजेश बागड़े, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रेवती वर्मा सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी एवं पुलिस कार्यालय बालोद के स्टाफ उपस्थित रहे।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















