गरियाबंद। ग्राम पंचायत हरदी के अंतर्गत आने वाले आश्रित ग्राम कासरबाय में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों का भूमि पूजन कार्यक्रम उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर हितग्राही जीवन लाल विश्वकर्मा एवं सोमती बाई विश्वकर्मा के आवास निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत गरियाबंद के उपाध्यक्ष लेखराम साहू उपस्थित रहे। उनके साथ ग्राम पंचायत हरदी के सरपंच मिथलेश ध्रुव, पूर्व सरपंच दयालाल ध्रुव, ग्राम पटेल हिराऊ राम ध्रुव, पंच माधुरी बाई ध्रुव, पंच हितेश्वरी बाई ध्रुव, पंच सीमा बाई ध्रुव, परनिया ध्रुव,गणेशिया बाई विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी और आवास हितग्राही मौजूद रहे।

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में ग्राम पंचायत हरदी को कुल 103 आवासों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व में स्वीकृत लेकिन अपूर्ण आवासों को भी शीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत, जनप्रतिनिधि और हितग्राही यदि एकजुट होकर कार्य करें, तो सभी आवास निर्धारित समय में पूर्ण किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी प्रधानमंत्री आवास योजना की सराहना करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों का वर्षों पुराना पक्का मकान का सपना साकार हो रहा है। आवास मिलने से न केवल जीवन स्तर में सुधार होगा, बल्कि परिवार को सामाजिक सुरक्षा और सम्मान भी मिलेगा।
आवास हितग्राहियों जीवन लाल विश्वकर्मा एवं सोमती बाई विश्वकर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना से उन्हें पक्का घर बनाने का अवसर मिला है, जिसके लिए वे सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति कृतज्ञ हैं।

कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने सभी हितग्राहियों से अपील की कि वे शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्माण कार्य पूर्ण करें और समय पर आवास तैयार कर योजना का पूरा लाभ उठाएं। भूमि पूजन कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















