(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। सोमवार 6 अप्रैल छुरा ब्लॉक के एक धान खरीदी केंद्र में भाजपा का स्थापना दिवस मनाया गया और ध्वजारोहण भी किया गया। अब इस आयोजन पर सवालिया निशान उठ रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार ग्राम सिवनी के आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित सिवनी प.क्रं.458 में भाजपा का स्थापना दिवस मनाया गया, और पार्टी ध्वज फहराया गया। इस कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष तिहार सिंह ठाकुर और प्रबंधक चरण सिंह ठाकुर की संलिप्तता के आरोप है।
बताया जा रहा है कि यह धान उपार्जन केंद्र, सहकारी समिति के तौर पर पंजीकृत है, जहां किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि या प्रचार-प्रसार प्रतिबंधित होता है। इसके बावजूद खरीदी केंद्र के परिसर में भाजपा का झंडा फहराया जाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह सरकारी तंत्र की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े करता है।

इस मामले में प्रबंधक चरणसिंह से मोबाइल फोन पर की गई चर्चा में उन्होंने कहा कि मैंने मना किया था, किन्तु मेरी बात सुनी-अनसुनी कर दी गई। जबकि सहायक पंजीयक महेश्वरी तिवारी ने बताया कि खरीदी केंद्र परिसर में किसी तरह के आयोजन की अनुमति नहीं दी गई है और मामला हमारे संज्ञान में नही है।
आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी सोसायटी अधिनियम के तहत, सहकारी संस्थाओं के परिसर का उपयोग राजनैतिक उद्देश्यों के लिये करना अनुचित है। ऐसी गतिविधि पाये जाने पर पंजीयक या संयुक्त पंजीयक द्वारा समिति के प्रबंधन, अध्यक्ष या सदस्यों के खिलाफ नोटिस जारी किया जा सकता है। गंभीर मामलों में, समिति के प्रबंधन को धारा 53 (ख) के तहत निलंबित या पुनर्गठित किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त
कारण बताओ नोटिस जारी किया जा सकता है। साथ ही समिति के कार्यों में राजनैतिक हस्तक्षेप के कारण प्रबंधन समिति को हटाया जा सकता है और प्रशासक नियुक्त किया जा सकता है।
जानकारों का कहना है तत्काल इस मामले के पूरे तथ्यों की जांच कर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जानी चाहिये।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















