(संवाद एक्सप्रेस)कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से आज सुबह एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जनपद सदस्य अक्षय गर्ग की अज्ञात हमलावरों ने चाकू और कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। यह वारदात कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केशलपुर में सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अक्षय गर्ग प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के लिए मौके पर पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान ही काले रंग की एक कार में सवार होकर आए तीन हमलावरों ने उन पर अचानक ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियारों से अक्षय गर्ग पर जानलेवा वार किए और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर वार
हमले में अक्षय गर्ग के हाथ, सिर, गर्दन, पेट, पीठ सहित शरीर के कई हिस्सों पर गहरे और गंभीर घाव आए। खून से लथपथ हालत में उन्हें तत्काल कटघोरा के स्थानीय अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस मौके पर, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी कटघोरा और घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हमलावरों की तलाश के लिए नाकेबंदी कर दी गई है।
पुरानी रंजिश की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को हत्या का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है।
क्षेत्र में शोक और आक्रोश
इस नृशंस हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में शोक, आक्रोश और भय का माहौल है। अक्षय गर्ग के परिजन, शुभचिंतक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल के बाहर जमा हैं। BJP कार्यकर्ताओं में घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
अक्षय गर्ग क्षेत्र में एक सक्रिय, लोकप्रिय और प्रभावशाली नेता के रूप में जाने जाते थे। उनकी हत्या को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में गहरी चिंता जताई जा रही है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















