(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। छुरा विकासखण्ड अंतर्गत संचालित प्राथमिक एवं माध्यमिक केंद्रीकृत परीक्षा 2026 के तहत सभी विद्यालयों में परीक्षा का आयोजन सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में किया जा रहा है। इसी क्रम में माध्यमिक स्तर की कक्षा 8वीं बोर्ड परीक्षा के प्रथम दिवस पर परीक्षा की पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने विकासखण्ड स्रोत समन्वयक श्री प्रेम मार्कण्डेय द्वारा संकुल केंद्र अकलवारा के साथ साथ संकुल केंद्र सोरिद एवं साजापाली का सघन एवं व्यापक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान श्री मार्कण्डेय ने संकुल अंतर्गत आने वाली समस्त उच्च प्राथमिक शालाओं का भ्रमण कर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने प्रत्येक परीक्षा केंद्र में पहुंचकर प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण, गोपनीयता बनाए रखने, विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजी, उत्तरपुस्तिकाओं के संधारण एवं कक्षवार बैठने की व्यवस्था का निरीक्षण किया।
उन्होंने केंद्राध्यक्षों एवं शिक्षकों को निर्देशित किया कि परीक्षा पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराई जाए तथा शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी कहा कि विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्षों में अनुशासन, स्वच्छता एवं शांति का वातावरण देखने को मिला। विद्यार्थियों की उपस्थिति शत प्रतिशत रही एवं सभी केंद्रों पर समयानुसार परीक्षा का संचालन किया गया। विशेष रूप से बैठक व्यवस्था सुव्यवस्थित पाई गई, जिससे प्रत्येक विद्यार्थी को पर्याप्त स्थान एवं अनुकूल वातावरण प्राप्त हुआ।
श्री मार्कण्डेय ने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं—जैसे पेयजल, प्रकाश, वेंटिलेशन आदि—का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। उन्होंने परीक्षा से संबंधित अभिलेखों का भी अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
समग्र व्यवस्थाओं से संतुष्ट होकर बीआरसीसी द्वारा संबंधित विद्यालयों की प्रशंसा की गई तथा इस प्रकार की अनुशासित एवं गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था को बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान संकुल समन्वयक असलम कुरैशी, समस्त केंद्राध्यक्ष एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे तथा निरीक्षण में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















