(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। देश में लगातार बढ़ रही महंगाई को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने स्थानीय रेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में मोदी सरकार की नीतियों को आम जनता के लिए घातक बताते हुए कहा कि आर्थिक कुप्रबंधन और कूटनीतिक विफलता के कारण आज महंगाई चरम पर पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 195 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जबकि पिछले तीन महीनों में ही इसके दामों में कुल 525 रुपये तक इजाफा हो चुका है। इसके अलावा घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में भी पिछले सप्ताह 62 रुपये की वृद्धि की गई, जिससे आम परिवारों का रसोई बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।
सुखचंद बेसरा ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार एक्साइज ड्यूटी में कटौती कर राहत देने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर पेट्रोल के दाम फिर बढ़ा दिए जाते हैं। कुछ क्षेत्रों में यह बढ़ोतरी 1 रुपये से अधिक है, जबकि नायरा पेट्रोल पंप में 4 रुपये तक की वृद्धि दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि एवीएशन फ्यूल की कीमतों में वृद्धि से हवाई यात्रा भी महंगी हो गई है, जिसका असर आम लोगों और व्यापार दोनों पर पड़ रहा है। इसके साथ ही खाद्य तेल, दूध, मावा और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दामों में भी भारी उछाल आया है।
बेसरा ने कहा कि खाद्य तेल जो वर्षों में 70 रुपये प्रति लीटर तक पहुंचा था, वह अब 200 रुपये के पार हो गया है। घरेलू गैस सिलेंडर, जिसे कभी भाजपा महंगा बताती थी, आज 900 से 1000 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर का दाम 1580 रुपये से बढ़कर 1691 रुपये हो गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों को कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आम जनता के मुद्दों से पूरी तरह कट चुकी है और उसकी नीतियां केवल पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि देश के संसाधनों और सार्वजनिक उपक्रमों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है, जिससे आर्थिक असमानता तेजी से बढ़ रही है।
मनरेगा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में यूपीए सरकार ने इसे रोजगार की कानूनी गारंटी के रूप में लागू किया था, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे कमजोर कर गरीबों के अधिकार छीन लिए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि रेलवे टिकट, स्कूल-कॉलेज की फीस और बैंकिंग सेवाओं पर लगने वाले विभिन्न शुल्कों में बढ़ोतरी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल, डीजल और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने हर घर का बजट बिगाड़ दिया है और लोग परिवार चलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
बेसरा ने महंगाई को “भाजपा निर्मित आपदा” बताते हुए कहा कि यदि यही स्थिति रही तो आम जनता का जीवन और भी कठिन हो जाएगा।
इस पत्रकार वार्ता में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष आबिद ढेबर, सन्नी मेमन, रमेश रामा शर्मा, पन्नालाल, जुनैद खान, छगन यादव, रमीज रहमान और अवध यादव सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















