(संवाद एक्सप्रेस)बीजापुर (छत्तीसगढ़)। जिले के उसूर थाना क्षेत्र में नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को सुरक्षा बलों ने समय रहते नाकाम कर दिया। केरिपु 196वीं वाहिनी और कोबरा 204 बटालियन की संयुक्त टीम द्वारा ताड़पाला हिल्स एरिया में चलाए गए सघन नक्सल विरोधी अभियान के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, नक्सली उपयोग के सामान और जमीन में छिपाकर लगाए गए आईईडी बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में माओवादियों की सक्रियता की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने एरिया डॉमिनेशन और डिमाइनिंग ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी अभियान के दौरान जवानों को दो अलग-अलग स्थानों पर जमीन के भीतर प्लास्टिक ड्रम और पॉलिथिन में छिपाकर रखी गई संदिग्ध सामग्री मिली। जांच करने पर वहां विस्फोटक सामग्री, राशन और अन्य माओवादी उपयोग की वस्तुएं बरामद हुईं।
भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद
सुरक्षा बलों द्वारा बरामद सामग्री में 13 नग डेटोनेटर, करीब 11 किलोग्राम गन पाउडर, 4 प्लास्टिक ड्रम, 2 स्टील ड्रम, 2 लोहे के ड्रम, माओवादी वर्दी, जूते, कैप, डोरी, यूएसबी केबल, सोलर प्लेट सहित दैनिक उपयोग की सामग्री और माओवादी साहित्य शामिल है। अधिकारियों के मुताबिक यह सामग्री लंबे समय तक नक्सली गतिविधियों को संचालित करने और जवानों को निशाना बनाने के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई थी।
बीयर बोतल में लगाए गए थे प्रेशर IED
अभियान के दौरान सबसे खतरनाक खुलासा तब हुआ जब जवानों को जमीन में दबाकर लगाए गए 13 बीयर बोतल बम मिले। इन सभी में प्रेशर स्विच सिस्टम लगाया गया था, जिससे जवानों की आवाजाही के दौरान विस्फोट कर भारी नुकसान पहुंचाने की योजना थी। इसके अलावा लोहे के पाइप में तैयार एक डायरेक्शनल आईईडी भी मौके से बरामद किया गया, जो बड़े स्तर पर जानमाल की क्षति पहुंचाने में सक्षम माना जाता है।
मौके पर ही किया गया निष्क्रिय
बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सभी आईईडी को सावधानीपूर्वक निष्क्रिय कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि यदि समय रहते यह कार्रवाई नहीं होती तो सुरक्षा बलों को गंभीर नुकसान हो सकता था।
नक्सली स्मारक भी किया ध्वस्त
अभियान के दौरान टेकमेटला कुंजामपारा क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा बनाया गया स्मारक भी सुरक्षा बलों ने ध्वस्त कर दिया। पुलिस के अनुसार ऐसे स्मारकों का उपयोग माओवादी संगठन अपने प्रभाव और प्रचार के लिए करते हैं।
लगातार जारी है एंटी-नक्सल ऑपरेशन
सुरक्षा बलों का कहना है कि क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और सर्च ऑपरेशन आगे भी जारी रहेगा। हाल के दिनों में बीजापुर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की बढ़ती सक्रियता के चलते माओवादी संगठन बैकफुट पर नजर आ रहे हैं और जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए आईईडी जैसे घातक हथियारों का सहारा ले रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जवानों की सतर्कता और सूझबूझ के कारण एक बड़ी घटना टल गई। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करते हुए ग्रामीणों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की गई है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments







