मुंह कपड़े से बंधे मिले शव, पुलिस ने हत्या की आशंका जताई — जांच जारी
खैरागढ़। जिले के छुईखदान थाना क्षेत्र के ग्राम झुरानदी से रविवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव के कुएं से दो मासूम भाई-बहन का शव बरामद किया गया है। मृत बच्चों की पहचान 3 वर्षीय करण वर्मा और डेढ़ वर्षीय उसकी बहन के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और सन्नाटा पसर गया है।
सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों बच्चों की निर्मम हत्या की गई है, क्योंकि उनके मुंह कपड़े से बंधे हुए मिले। इससे यह साफ हो गया है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित हत्या है।

दोनों बच्चों की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता गजानंद वर्मा और मां मनीषा वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में इस अमानवीय वारदात को लेकर गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि मामला अत्यंत संवेदनशील है। पुलिस हत्या के सभी संभावित कारणों — पारिवारिक विवाद, रंजिश या अन्य पहलुओं — की जांच कर रही है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और गांव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।
अधिकारियों ने कहा है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















