गरियाबंद। प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। जिले के विकासखंड छुरा अंतर्गत ग्राम सोरिद खुर्द निवासी परमानंद निषाद, जो एक दिव्यांग युवक है, ने योजना का लाभ दिलाने एवं मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परमानंद निषाद ने बताया कि उनकी माँ विधवा हैं और उनका परिवार गरीबी रेखा सर्वे सूची वर्ष 2002 में क्रमांक 78 पर दर्ज है। उनके पिता का निधन हुए 8 वर्ष हो चुके हैं, इसके बावजूद अब तक उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है।
युवक ने बताया कि उसने जनपद पंचायत, जिला पंचायत सीईओ सहित विभिन्न स्तरों पर एवं विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में भी आवेदन दिया, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
इस संबंध में युवक ने राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और पात्र होने के बावजूद आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सर्वे सूची में नाम दर्ज होने के बावजूद पात्र हितग्राही को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, तो यह गंभीर गड़बड़ी का मामला है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पर क्या कार्रवाई करता है।
यह खबर सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















