दिसंबर 2025 तक TET-SET की अधिसूचना जारी होगी
TET फरवरी 2026, SET मार्च-अप्रैल 2026 में
TET पास करने पर आजीवन वैधता
SET परीक्षा 30 विषयों में आयोजित होगी
स्कूलों में 5,000 और कॉलेजों में 700 पदों पर भर्ती
सुप्रीम कोर्ट ने TET को नौकरी-पदोन्नति के लिए अनिवार्य किया
प्रदेश में 40 हजार शिक्षक और 2600 सहायक प्राध्यापक पद खाली
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्कूल और कॉलेजों में शिक्षकों की भर्ती से पहले राज्य सरकार पात्रता परीक्षा आयोजित करेगी। स्कूलों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) और कॉलेजों के लिए राज्य पात्रता परीक्षा (SET) की अधिसूचना इस साल दिसंबर 2025 तक जारी होने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक, टेट परीक्षा फरवरी 2026 में और सेट परीक्षा मार्च-अप्रैल 2026 में आयोजित की जाएगी।
एक बार पास, आजीवन वैधता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने निर्देश दिए हैं कि पात्रता परीक्षा से स्थानीय युवाओं को अधिक अवसर मिलें। TET परीक्षा पास करने के बाद इसकी वैधता आजीवन रहेगी। अब तक प्रदेश में 2011, 2014, 2016, 2017, 2019, 2022 और 2024 में TET परीक्षा हो चुकी है। वहीं, कॉलेजों के लिए आयोजित होने वाली SET परीक्षा प्रदेश में सातवीं बार होगी।
30 विषयों में होगी SET
SET परीक्षा के आयोजन की प्रक्रिया उच्च शिक्षा विभाग ने शुरू कर दी है। इसके लिए UGC से अनुमति आवश्यक है। इस बार परीक्षा हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, इतिहास, भूगोल, वाणिज्य, विधि, फिजिकल एजुकेशन, होमसाइंस समेत 30 विषयों में प्रस्तावित है। प्रदेश में SET की शुरुआत 2006 में हुई थी और अब तक छह बार यह परीक्षा हो चुकी है।
5 हजार शिक्षक और 700 कॉलेज पदों पर भर्ती
राज्य सरकार ने स्कूलों में 5,000 शिक्षकों और कॉलेजों में 700 पदों पर भर्ती की अनुमति दी है। इनमें 625 सहायक प्राध्यापक और 25 क्रीड़ा अधिकारी के पद शामिल हैं। वर्तमान में सरकारी स्कूलों में लगभग 40 हजार शिक्षक पद खाली हैं। वहीं कॉलेजों में 2600 सहायक प्राध्यापक पद रिक्त हैं।
सुप्रीम कोर्ट का आदेश बना वजह
गौरतलब है कि 1 सितंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि देशभर के सरकारी व गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों में नौकरी और पदोन्नति के लिए TET पास करना अनिवार्य होगा। जिन शिक्षकों की सेवा अवधि पाँच साल से अधिक है, उन्हें हर हाल में TET पास करना होगा, अन्यथा नौकरी छोड़नी पड़ेगी।
क्या है TET और SET?
TET (Teacher Eligibility Test): 2010 में NCTE ने इसे अनिवार्य किया। यह तय करता है कि उम्मीदवार कक्षा 1 से 8 तक पढ़ाने योग्य है या नहीं।
SET (State Eligibility Test): राज्य स्तरीय परीक्षा है, जो कॉलेज और विश्वविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक बनने के लिए आवश्यक है। इसे UGC की अनुमति से राज्यों में आयोजित किया जाता है।
उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि SET परीक्षा का उद्देश्य यही है कि आगामी भर्ती में स्थानीय युवाओं को अधिक लाभ मिल सके।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments



