गरियाबंद। जिले के छुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम भरूवामुड़ा में बीती रात तेंदुए ने गांव में घुसकर दहशत मचा दी। ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुआ दस फीट ऊँची दीवार फांदकर एक किसान के घर में घुस गया और बकरियों पर हमला कर दिया। इस घटना में चार बकरियों की मौके पर मौत हो गई, वहीं एक अन्य ग्रामीण के घर में घुसकर एक बकरी को घायल कर दिया। अचानक हमले से घबराए ग्रामीण कमरे के अंदर छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।

इसी दौरान, पास के जंगल में चरवाहा अपनी गाय लेकर गया था, जहां तेंदुए ने एक बछड़े पर भी हमला कर दिया। बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया है।
गांव में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। लोग अब रात के समय अपने ही घरों से बाहर निकलने से पहले कई बार सोचने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ माह पहले भी गांव के पंडरीपानी मोहल्ले में तेंदुए ने घर में घुसकर एक ग्रामीण को बुरी तरह घायल कर दिया था।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम सुबह गांव पहुँची और पूरे घटनाक्रम का मुआयना किया। अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में विभाग ग्रामीणों की सुरक्षा और तेंदुए को काबू करने के लिए क्या कदम उठाता है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















