(संवाद एक्सप्रेस)रायपुर। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत पर पूरे देश में जश्न का माहौल है। भारत ने न्यूजीलैंड को रोमांचक मुकाबले में हराकर तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही टीम इंडिया लगातार दो बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई है।
भारतीय टीम की इस शानदार उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ टेनिस एसोसिएशन के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया ने जिस आत्मविश्वास और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, उसने दुनिया को भारत की ताकत का अहसास कराया है। खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीम वर्क का ही परिणाम है कि भारत ने विश्व क्रिकेट में एक बार फिर अपना परचम लहराया है।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में रिकॉर्ड 255 रन बनाए। फाइनल में यह टी-20 वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा स्कोर रहा।
भारत की ओर से संजू सैमसन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 89 रन बनाए और फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने वेस्टइंडीज के मार्लोन सैमुअल्स के 85 रन के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। इसके अलावा ईशान किशन ने 54 और अभिषेक शर्मा ने 52 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने सिर्फ 8 गेंदों में 26 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। न्यूजीलैंड की ओर से जिमी नीशम को 3 विकेट मिले।
रनों का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। टिम साइफर्ट (52) और कप्तान मिचेल सैंटनर (43) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका और पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को बड़े अंतर से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

मैच में भारतीय टीम ने कई रिकॉर्ड भी बनाए। टीम ने सिर्फ 7.2 ओवर में 100 रन पूरे कर लिए, जो टी-20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में सबसे तेज 100 रन का नया रिकॉर्ड है। इसके अलावा पावरप्ले में टीम इंडिया ने 92 रन बनाकर वर्ल्ड कप के सबसे बड़े पावरप्ले स्कोर की बराबरी भी की।
इस शानदार जीत पर गुरुचरण सिंह होरा ने कहा कि टीम इंडिया ने जिस जुझारू खेल का प्रदर्शन किया है, उससे देश के युवाओं को प्रेरणा मिलेगी और भारतीय खेलों का मान विश्व पटल पर और ऊंचा हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय खिलाड़ी आगे भी इसी तरह देश को गौरवान्वित करते रहेंगे। होरा ने कहा कि टीम इंडिया की यह उपलब्धि देश के युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है। जब खिलाड़ी देश के लिए खेलते हुए ऐसा प्रदर्शन करते हैं तो करोड़ों युवाओं में भी खेल के प्रति उत्साह और समर्पण की भावना बढ़ती है। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने अपने दमदार खेल से पूरे विश्व में भारत का गौरव बढ़ाया है और तिरंगे का मान ऊंचा किया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय टीम आने वाले समय में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करती रहेगी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेगी। साथ ही उन्होंने टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सहयोगी दल को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















