(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम ताँवरबाहरा में धर्म, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में पांच दिवसीय श्रीरामचरित मानस महायज्ञ एवं श्रीराम कथा का भव्य आयोजन दिनांक 11 फरवरी से 15 फरवरी तक किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे गांव में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण व्याप्त है।
यह कार्यक्रम ब्रह्मलीन संत सिया भुनेश्वरी शरण व्यास जी के कृपा पात्र शिष्य यज्ञकर्ता महंत श्री गोवर्धन शरण व्यास जी महाराज जी, सिरकट्टी आश्रम कुटेना पाण्डुका के सानिध्य में संपन्न होगा ।
ग्राम विकास समिति कोषाध्यक्ष केशव साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यज्ञ मंडप, कथा पंडाल, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं ग्रामवासियों के सहयोग से की जा रही हैं। कार्यक्रम में प्रतिदिन विधिवत पूजन-अर्चन, यज्ञ अनुष्ठान एवं श्रीराम कथा का वाचन होगा।
https://samwadexpress.com/two-accused-who-demanded-money-for-liquor-and-fought-after-a-dispute/
आयोजन के दौरान दूर–दराज से आने वाले श्रद्धालु श्रीरामचरित मानस के भावपूर्ण प्रसंगों का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त करेंगे। कथा के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, सत्य, प्रेम और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह यज्ञ अनुष्ठान तथा संध्या समय श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा, वहीं रात्रि में भजन-कीर्तन और आरती का कार्यक्रम भी होगा।
ग्रामवासियों का कहना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से न केवल आध्यात्मिक चेतना का विकास होता है, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे को भी मजबूती मिलती है। आयोजन को सफल बनाने के लिए ग्राम की महिला समिति, युवा समिति एवं वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही है।
14 फरवरी को पूर्णाहुती, शोभायात्रा हवन एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। ग्राम विकास समिति कोषाध्यक्ष केशव साहू ने समस्त क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments







