गरियाबंद। जिले की ग्राम पंचायत हरदी में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को पोलियो ड्रॉप अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत जनपद पंचायत उपाध्यक्ष लेखराम साहू एवं ग्राम पंचायत हरदी के सरपंच मिथलेश ध्रुव द्वारा 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूँद पिलाकर की गई। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य अमले एवं ग्रामवासियों ने एक स्वर में कहा— “दो बूँद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार।”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद उपाध्यक्ष लेखराम साहू ने कहा कि भारत ने पोलियो जैसी गंभीर बीमारी पर ऐतिहासिक जीत हासिल की है, लेकिन यह जीत तभी स्थायी रहेगी जब प्रत्येक अभिभावक अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को हर बार पोलियो की खुराक अवश्य दिलाए। उन्होंने कहा कि पोलियो को दोबारा लौटने से रोकने के लिए सामूहिक जागरूकता और सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।

सरपंच मिथलेश ध्रुव ने ग्रामवासियों से अपील करते हुए कहा कि पोलियो एक लाइलाज बीमारी है, जिससे बचाव केवल समय पर टीकाकरण से ही संभव है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत हरदी में कोई भी बच्चा पोलियो ड्रॉप से वंचित न रहे, इसके लिए पंचायत, स्वास्थ्य विभाग एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान गांव के सभी वार्डों, टोला-मोहल्लों में पोलियो बूथ लगाए गए हैं तथा घर-घर जाकर भी बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई जा रही है। इसके साथ ही बस स्टैंड, हाट-बाजार एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष टीमों की तैनाती की गई है, ताकि कोई भी पात्र बच्चा छूट न जाए।

कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि “पोलियो को लौटने का मौका न दें, अपने 0 से 5 साल के बच्चे को पोलियो की खुराक जरूर दिलाएं, ताकि उसे मिले पोलियो से पक्की सुरक्षा।” उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों ने अभिभावकों को पोलियो के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि नियमित टीकाकरण से ही बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है।
इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को दोहराया और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















