संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में मुरादाबाद–आगरा हाईवे पर घने कोहरे के कारण रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बहजोई थाना क्षेत्र के खजरा खाकम मोड़ के पास तेज रफ्तार कैंटर ट्रक ने सामने से एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार मां, पिता, बेटे सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बबराला की ओर से आ रहा कैंटर ट्रक कोहरे के कारण बाइक को देख नहीं सका और सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कैंटर अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे एक पेड़ से जा टकराया, जिससे ट्रक के परखचे उड़ गए। हादसे में ट्रक का ड्राइवर और हेल्पर केबिन में फंस गए।
मृतकों की पहचान बहजोई थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव निवासी सुरेश, प्रतीक, विमलेश और बहजोई निवासी संजय के रूप में हुई है। सभी एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर घने कोहरे के बीच कहीं से अपने गांव लौट रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी गई। पुलिस और एंबुलेंस की टीम ने चारों घायलों को बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
वहीं ट्रक में फंसे ड्राइवर और हेल्पर को बाहर निकालने के लिए पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद ली। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया और गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें संभल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर संभल के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। डीएम ने बताया कि घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिससे यह हादसा हुआ।
पुलिस ने चारों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मुरादाबाद–आगरा हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कराया।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















