(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले में एक बार फिर ऐसा मामला सामने आया है, जिसे देखकर लगता है कि फिल्मों की स्क्रिप्ट अब सीधे हकीकत में उतरने लगी है। फर्क बस इतना है कि यहां हीरो नहीं, “हीरे” पकड़े गए हैं—वो भी पूरे 34 नग, बिना तराशे हुए!
गरियाबंद पुलिस और स्पेशल टीम ने बड़ी कार्यवाही करते हुए एक ऐसे शख्स को धर दबोचा, जो नहरगांव स्कूल के पास “ग्राहक भगवान है” की तर्ज पर हीरे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में टहल रहा था। अब इसे आत्मविश्वास कहें या सिस्टम पर भरोसा, कि साहब खुलेआम हीरे लेकर बाजार में उतर गए।

पकड़े गए आरोपी का नाम बंशी शेट्टी (50 वर्ष) है, जो उड़ीसा के कालाहांडी जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। इनके पास से बरामद 34 नग कच्चे हीरों की कीमत करीब 63 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। यानी साहब घूम तो ऐसे रहे थे जैसे जेब में चिल्लर हो, लेकिन माल निकला करोड़पति टाइप!
सूत्रों की मानें तो आरोपी बड़े आराम से इलाके में घूम रहा था और शायद सोच रहा था कि “हीरा है, कोई कंकड़ थोड़ी ना… बिक ही जाएगा!” लेकिन पुलिस ने उसकी इस ‘मार्केटिंग स्ट्रेटेजी’ पर पानी फेर दिया।

अब पुलिस यह जानने में जुटी है कि ये हीरे आखिर आए कहां से और इस चमकदार कारोबार में और कौन-कौन शामिल है। यानी कहानी अभी बाकी है, और हो सकता है आगे कुछ और “चमकदार” नाम सामने आएं।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ माइनिंग एक्ट के तहत कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि अवैध तस्करी पर सख्त नजर रखी जा रही है—हालांकि तस्करों का आत्मविश्वास देखकर लगता है कि उन्हें भी इस नजर का पूरा अंदाजा है!
कुल मिलाकर, गरियाबंद में हीरों की चमक तो दिखी, लेकिन इस बार वो किसी ज्वेलरी शॉप में नहीं, सीधे पुलिस के मालखाने में पहुंच गई।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















