(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र तौरेंगा से वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। तौरेंगा अंतर्गत कोकड़ी जंगल में शिकारियों द्वारा लगाए गए अवैध फंदे में एक तेंदुआ फंस गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जंगली सुअर एवं अन्य वन्यप्राणियों के शिकार के लिए लगाए गए तार के फंदे में गुरुवार को तेंदुआ फंस गया। फंदा तेंदुए के पंजे और गले में कस जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और दर्द से जोर-जोर से दहाड़ने लगा। तेंदुए की दहाड़ सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा वन अमला
ग्रामीणों से सूचना मिलते ही वन विभाग के स्थानीय अधिकारी, कर्मचारी और डॉक्टरों की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर सावधानीपूर्वक तेंदुए को फंदे से मुक्त किया गया।

उपनिदेशक वरुण जैन ने की पुष्टि
घटना की जानकारी मिलते ही उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि फंदे में फंसा तेंदुआ लगभग 4 वर्ष का नर है। रेस्क्यू टीम द्वारा तेंदुए को सुरक्षित रूप से जाल से निकाल लिया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद आगे की चिकित्सकीय एवं कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अवैध शिकार पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अवैध शिकार और फंदा लगाने की घटनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन विभाग द्वारा शिकारियों की तलाश और फंदा लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।
वन विभाग का कहना है कि तेंदुए की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक होने पर उसे सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा।
घटना से क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण को लेकर सतर्कता और निगरानी बढ़ाने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















