(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। वनमंडल अंतर्गत गरियाबंद और परिक्षेत्र में तेंदुए के हमले की दो अलग-अलग घटनाओं ने इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया है। इन घटनाओं में एक नाबालिग बच्ची सहित दो लोग घायल हुए हैं। लगातार दो हमलों के बाद ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है और वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
खेत में सो रही बच्ची पर तेंदुए का हमला
मिली जानकारी के अनुसार, गरियाबंद परिक्षेत्र के बारुका सर्कल अंतर्गत ग्राम बारूक निवासी संतोषी कमार सोमवार शाम अपने परिजनों के साथ जंगल से लगे खेत में रखवाली के लिए गई थी। गर्मी और फसल सुरक्षा को देखते हुए परिवार खेत में ही सो रहा था। देर रात अचानक एक तेंदुआ वहां पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि बच्ची के पास एक कुत्ता भी सोया हुआ था। तेंदुए ने पहले कुत्ते पर हमला करने की कोशिश की। आहट सुनकर बच्ची घबराकर उठ बैठी, इसी दौरान तेंदुए का पंजा उसके सिर पर लग गया। हमले में बच्ची के सिर पर मामूली चोट आई है। परिजनों की सतर्कता से स्थिति और गंभीर नहीं हुई और वे तत्काल बच्ची को सुरक्षित घर ले आए। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पाण्डुका क्षेत्र में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल
दूसरी घटना बारुका पंचायत के ग्राम बारेटहिन कोन्हा (पाण्डुका परिक्षेत्र) की है। यहां तेंदुआ गांव के भीतर घुस आया और एक ग्रामीण पर अचानक हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। घायल ग्रामीण को पहले गांव में प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल गरियाबंद रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
वन विभाग की टीम अलर्ट, सर्चिंग अभियान जारी
लगातार दो घटनाओं के बाद वन विभाग हरकत में आ गया है। विभागीय टीम गांव से लगे जंगलों में लगातार सर्चिंग कर रही है। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैकिंग और निगरानी बढ़ा दी गई है। जरूरत पड़ने पर पिंजरा लगाने और कैमरा ट्रैप की व्यवस्था भी की जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अंधेरा होने के बाद जंगल या खेतों की ओर अकेले न जाएं। बच्चों को घर के भीतर सुरक्षित रखें तथा मवेशियों को भी सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को देने को कहा गया है।
ग्रामीणों में दहशत, तेंदुए को पकड़ने की मांग
दो दिनों के भीतर हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में भय का वातावरण है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ लगातार आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है, जिससे जान-माल का खतरा बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी मामले को गंभीर बताते हुए विभागीय अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई करने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
फिलहाल वन विभाग की टीम मौके पर डटी हुई है और तेंदुए की तलाश जारी है। प्रशासन ने लोगों से संयम और सतर्कता बरतने की अपील की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















