गरियाबंद ।मैनपुर। मैनपुर का साप्ताहिक बाजार सोमवार को सब्जियों से ज्यादा थ्रिलर मूवी के लिए याद किया जाएगा। जहां टमाटर–प्याज के भाव पूछे जा रहे थे, वहीं भीड़ के बीच एक शातिर कलाकार ने ऐसा हाथ साफ किया कि सब्जी विक्रेता का गल्ला भी शॉक में चला गया। देखते-देखते 80 हजार रुपये भीड़ की गोद में लुप्त हो गए।
राजिम से आए सब्जी व्यापारी ने दिनभर की कमाई थैली में संभालकर रखी थी, लेकिन बाजार की भीड़ ने चोर को ऐसा आत्मविश्वास दिया कि उसने गल्ले को एटीएम समझ लिया। मौका देखा, हाथ डाला और बिना पिन डाले कैश निकाल लिया।

जैसे ही व्यापारी को चोरी का ज्ञान हुआ, बाजार में “चोर-चोर” की आवाज गूंजी। जनता दौड़ी, चोर भागा और बाजार कुछ देर के लिए मैराथन ट्रैक में बदल गया। मगर चोर इतना फिट निकला कि भीड़ का भरोसा और पुलिस की उम्मीद – दोनों को पीछे छोड़ गया।
सीसीटीवी फुटेज में चोर की फिल्मी फरारी साफ नजर आ रही है। भागते समय उसकी थैली से नोट जमीन पर गिरते रहे, मानो वह रास्ते में “डिस्काउंट ऑफर” देता जा रहा हो। लेकिन रुकने का सवाल ही नहीं—हीरो को आखिरकार क्लाइमैक्स तक पहुंचना था।
घटना के बाद पीड़ित व्यापारी थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फुटेज देखकर लगता है, चोर ने पहले रिहर्सल की थी और अब बस आखिरी शो बाकी है।
इस दिनदहाड़े चोरी ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को आईना दिखा दिया है। व्यापारी सहमे हुए हैं और मांग कर रहे हैं कि बाजार में पुलिस गश्त बढ़े, वरना अगली बार गल्ला नहीं, शायद पूरा ठेला ही उड़ जाए।
फिलहाल मैनपुर बाजार में सब्जियों के दाम से ज्यादा चर्चा इस सवाल की है—
“आखिर भीड़ चोर के लिए ढाल थी या बाजार उसके लिए रनवे?”

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















