(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं कानून व्यवस्था के दायरे में संपन्न कराने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस द्वारा रेंज स्तरीय विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने जिलेभर में एक साथ बड़ी रेड कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों पर सख्त प्रहार किया।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह अभियान पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष रणनीति बनाकर पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया।
26 पुलिस टीमों ने संभाला मोर्चा, 76 स्थानों पर दबिश
ऑपरेशन निश्चय के अंतर्गत जिलेभर में कुल 26 पुलिस टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने सुबह से ही अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अभियान चलाते हुए 76 स्थानों पर एक साथ रेड कार्रवाई की। अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।
आबकारी एक्ट के 12 प्रकरण, बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर विशेष फोकस किया।
आबकारी एक्ट के 12 प्रकरण दर्ज किए गए
12 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई
कुल 96.820 लीटर अवैध शराब जब्त की गई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के दौरान अवैध शराब की बिक्री बढ़ने की आशंका को देखते हुए यह कार्रवाई की गई।
आर्म्स एक्ट में गिरफ्तारी, चाकू जब्त
अभियान के दौरान पुलिस ने हथियार रखने वालों पर भी कार्रवाई करते हुए:
आर्म्स एक्ट का 01 प्रकरण दर्ज किया
01 आरोपी को गिरफ्तार किया गया
आरोपी के कब्जे से 01 चाकू बरामद किया गया
फरार वारंटियों की धरपकड़
लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्ती दिखाई।
04 स्थायी वारंट तामील किए गए
03 गिरफ्तारी वारंटों का निष्पादन कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों के विरुद्ध आगे भी विशेष अभियान जारी रहेगा।
होली को लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
आगामी होली पर्व को देखते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई।
16 प्रकरणों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
17 व्यक्तियों के खिलाफ कार्यवाही
इस कार्रवाई का उद्देश्य संभावित विवाद, हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों पर पहले से नियंत्रण स्थापित करना बताया गया है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन निश्चय” केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं बल्कि निरंतर चलने वाला अभियान है। त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, अवैध शराब कारोबार रोकने तथा अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी प्रकार की सघन कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
जिलेवासियों से कानून व्यवस्था बनाए रखने, अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने तथा सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण होली मनाने की अपील की गई है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















