गरियाबंद। थाना छुरा पुलिस ने उद्यापन कर अवैध रूप से धन ऐंठने के मामले में दो नटवरलालों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पूर्व में पीएमटी परीक्षा फर्जीवाड़ा के मामलों में जेल जा चुके हैं और वर्तमान में भी मेडिकल कॉलेज jagdalpur में MBBS के छात्र के रूप में अध्ययनरत हैं।
प्रार्थी खेमचंद (थाना छुरा क्षेत्र) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि अगस्त 2025 में उसे डाक के माध्यम से एक नॉन बेलेबल वारंट मिला था। प्रार्थी के अनुसार आरोपी निखिल राज ने उसे झूठे प्रकरण में फंसाने और अवैध रूप से पैसा ऐंठने की नीयत से यह वारंट भेजा। आरोपी ने प्रार्थी से संपर्क कर दो लाख रुपये की मांग की तथा जेल भेजने की धमकी दी। डर के कारण प्रार्थी ने आरोपी को एक लाख रुपये दे दिए और वारंट भी सौंप दिया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 183/2025 धारा 308(2) बीएनएस एवं अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया तथा टीम बनाकर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने पहले चन्द्रशेखर उर्फ चंदन सेन को छुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि उसका साथी निखिल राज हमसफर ट्रेन से झांसी भाग रहा है। इसके बाद आरपीएफ बिलासपुर और पेण्ड्रारोड की सहायता से निखिल राज को पकड़कर छुरा लाया गया।
दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वे वर्ष 2009 से ही भोले-भाले लोगों को झांसा देकर धोखाधड़ी कर रहे हैं। अत्यधिक खर्च करने की आदत के कारण उन्होंने अवैध तरीकों से धन कमाने की राह पकड़ी। उनके कब्जे में मिला एक कोरा वारंट उन्होंने खुद ही भरकर उसे नॉन बेलेबल वारंट में बदल दिया और प्रार्थी को भेजकर उससे अवैध रकम वसूली।

जांच के दौरान आरोपियों के विरुद्ध राज्य एवं बाहर के विभिन्न थानों में दर्ज कई धोखाधड़ी के मामलों की जानकारी मिली। दोनों वर्ष 2007 में पीएमटी परीक्षा पास कर मेडिकल कॉलेज जगदलपुर में दाखिल हुए थे, जहां उनकी दोस्ती हुई। इसके बाद उन्होंने पीएमटी परीक्षा पास कराने के नाम पर फर्जी परीक्षार्थी बैठाकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी शुरू की। वर्ष 2009 और 2010 में महासमुंद और बिलासपुर में इनके खिलाफ पीएमटी फर्जीवाड़ा के मामले दर्ज हुए थे।
आरोपियों पर दर्ज प्रमुख मामले —
चन्द्रशेखर उर्फ चंदन सेन (छुरा):
– पीएमटी परीक्षा फर्जीवाड़ा (2009, 2010)
– नगरी, दुर्ग, फिंगेश्वर, रायपुर सहित कई थानों में नौकरी लगवाने एवं अन्य तरीकों से धोखाधड़ी के 8 से अधिक मामले
निखिल राज (झांसी, उ.प्र.):
– पीएमटी परीक्षा फर्जीवाड़ा (2009, 2010)
– गुरुग्राम में 5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला (2022)
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी वर्ष 2007 से स्व. बलीराम कश्यप मेडिकल कॉलेज जगदलपुर में MBBS की पढ़ाई कर रहे हैं। उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी कॉलेज प्रबंधन को भेजी जाएगी। साथ ही अब तक अर्जित अवैध संपत्ति की जांच भी पृथक से की जाएगी।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















