गरियाबंद। जिले के मैन्पुर थाना अंतर्गत दर्रिपारा क्षेत्र के ग्राम सेमरा पहाड़ में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। जिले से लगभग 42 किलोमीटर दक्षिण दिशा में स्थित इस क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान नक्सलियों ने पुलिस पार्टी को देखकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद मुठभेड़ हुई। हालांकि नक्सली जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए और भारी मात्रा में अपना सामान मौके पर छोड़ गए।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिला पुलिस द्वारा नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सेमरा के पहाड़ी इलाके में प्रतिबंधित माओवादी संगठन सीतलीझर–नगरी एरिया कमेटी के 6 से 8 नक्सली सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर ई-30 ऑपरेशन ग्रुप की टीम रवाना की गई। सुबह के समय पुलिस बल को देखकर नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद नक्सली भाग निकले।

मौके से पुलिस ने नक्सलियों के ठिकाने से बड़ी मात्रा में दैनिक उपयोगी सामग्री, कपड़े, जूते, किट, बर्तन, दवाइयां और नक्सली साहित्य बरामद किया है। पूरे इलाके में सर्चिंग अभियान जारी है।
पुलिस ने बताया कि नक्सली पिछले कुछ दिनों से ग्रामीणों को बरगलाने और पुलिस बल पर हमले की साजिश रच रहे थे, लेकिन पुलिस की तत्परता से उनकी योजना विफल रही।
पुलिस की अपील:
गरियाबंद पुलिस ने सभी सक्रिय माओवादियों से आत्मसमर्पण की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि जो भी नक्सली मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, वे किसी भी थाना, चौकी या कैंप में आत्मसमर्पण कर सकते हैं। आत्मसमर्पण के लिए नक्सल सेल गरियाबंद के नंबर 94792-27805 पर संपर्क किया जा सकता है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















