(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से आज गरियाबंद ब्लॉक में पंचायत सचिवों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपसंचालक श्रीमती पदमनी हरदेल ने की। इस दौरान निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले सचिवों और हितग्राहियों पर कड़ी नाराजगी जताई गई तथा समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के लिए सख्त निर्देश दिए गए।
बैठक में उपसंचालक ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सभी अप्रारंभ आवासों का कार्य एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से शुरू किया जाए। इसके साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में हर सप्ताह कम से कम तीन आवासों की ढलाई पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं हुआ तो संबंधितों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हितग्राहियों को नोटिस, पेशी के निर्देश
समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि कई हितग्राहियों को राशि जारी होने के बावजूद निर्माण कार्य में प्रगति नहीं हुई है। ऐसे सभी हितग्राहियों को नोटिस जारी कर जनपद पंचायत एवं एसडीएम कार्यालय में पेशी के लिए बुलाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी हितग्राही द्वारा शासन की राशि का दुरुपयोग किया गया पाया जाता है, तो उससे राशि की वसूली की जाएगी।
आंकड़ों ने खोली प्रगति की हकीकत
जानकारी के अनुसार गरियाबंद ब्लॉक में वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के लिए कुल 6172 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से अब तक केवल 3112 आवासों की ढलाई पूर्ण हो पाई है, जो कि कुल स्वीकृत आवासों का मात्र 58.52 प्रतिशत है। इस धीमी प्रगति पर अधिकारियों ने चिंता जताते हुए सभी आवासों को तय समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
लापरवाह सचिवों पर सख्ती
बैठक में उन पंचायत सचिवों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया, जिन्होंने पिछले सप्ताह एक भी आवास की ढलाई पूर्ण नहीं कराई। ऐसे सचिवों का मार्च माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सरकार की प्राथमिकता योजना
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजना बताते हुए अधिकारियों ने कहा कि यदि वर्तमान में स्वीकृत सभी आवास समय पर पूर्ण हो जाते हैं, तो आगामी आवास 2.0 योजना के तहत शेष पात्र हितग्राहियों को भी लाभ मिल सकेगा।
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में जनपद पंचायत के सीईओ, अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा 62 ग्राम पंचायतों के सचिव एवं रोजगार सहायक उपस्थित रहे। बैठक में सभी को जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए लक्ष्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















