(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले के गरियाबंद वन परिक्षेत्र अंतर्गत बेंदकुरा सर्कल में तेंदुए की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। एक ही दिन में सुबह और देर रात तेंदुए द्वारा दो अलग-अलग ग्रामीणों पर हमला करने की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि एक पुरुष को मामूली चोटें आई हैं। दोनों घायलों का उपचार कराया गया है और फिलहाल उनकी स्थिति सुरक्षित बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बेंदकुरा सर्कल के कमार ग्राम कुचेना, कोटरी छापर निवासी शांति बार कमार देर रात शौच के लिए घर से बाहर बड़ी (खेत के पास) गई हुई थीं। इसी दौरान अचानक घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला के कान, सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ वहां से भाग गया।
घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम सुबह मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार महिला को गहरी चोटें आई हैं, लेकिन फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
वहीं इसी दिन सुबह बेंदकुरा सर्कल के ही ग्राम खट्टी में भी तेंदुए के हमले की एक और घटना सामने आई। यहां एक ग्रामीण पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हालांकि इस हमले में ग्रामीण को ज्यादा गंभीर चोट नहीं लगी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से लगे गांवों में तेंदुए की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे रात के समय बाहर निकलना खतरे से खाली नहीं है। लोगों ने वन विभाग से गांव के आसपास गश्त बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
इधर वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वन अमला लगातार इलाके में निगरानी कर रहा है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। साथ ही रात के समय अकेले बाहर न निकलने और समूह में रहने की अपील भी की गई है।
वन विभाग की टीम द्वारा आसपास के क्षेत्रों में भी सर्चिंग की जा रही है ताकि तेंदुए की मौजूदगी का पता लगाया जा सके और आगे किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। वहीं ग्रामीणों में लगातार बढ़ती दहशत को देखते हुए विभाग से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















