बलरामपुर। जिले में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर–बलंगी मार्ग स्थित चपोता नदी के समीप पुल के नीचे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव देखते ही आसपास के ग्रामीण दहशत में आ गए और तत्काल इसकी सूचना बलंगी पुलिस चौकी को दी।
जानकारी मिलते ही बलंगी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। जांच के दौरान शव के पास ही मृतक की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई, जिससे मामला और भी संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी।
देर शाम शव की शिनाख्त मध्यप्रदेश के मांडा निवासी युवक के रूप में हुई। परिजनों को सूचना दिए जाने पर वे भी घटनास्थल पहुंचे। शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का लग रहा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि वास्तविक मौत के कारणों का खुलासा हो सके। बलंगी पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए वाड्रफनगर एसडीओपी स्वयं घटनास्थल पहुंचे और बारीकी से जांच की। पुलिस हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है।
इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी वारदातों से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है और जल्द ही पूरे मामले से पर्दा उठाने का दावा कर रही है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















