(संवाद एक्सप्रेस)बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मेला देखकर घर लौट रहे एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार का छोटा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह हृदयविदारक हादसा हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बांसाझार निवासी जमनेश यादव (36 वर्ष) अपनी पत्नी संतोषी यादव (26 वर्ष) और बच्चों के साथ बाइक क्रमांक CG 10 AA 0364 से बेलपान मेला घूमकर वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कोटा-लोरमी मुख्य मार्ग पर पहुंची, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण कि सड़क पर उछलकर गिरे सभी लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सभी लोग हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में जमनेश यादव, उनकी पत्नी संतोषी यादव और उनकी 13 वर्षीय बेटी अनिशा यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनका छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मची चीख-पुकार, ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के दौरान पति-पत्नी और बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल बच्चे की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर स्थित निजी अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने पिकअप वाहन जब्त किया, चालक हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे में शामिल पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
गांव में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से ग्राम बांसाझार में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और घायल बच्चे के निशुल्क एवं बेहतर इलाज की मांग की है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments







