(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। स्वावलंबी महिला विकास समिति द्वारा महिला सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत ग्राम बाघडबरा, खम्हारीपारा (आदिवासी कमार गांव) में “महिला एवं बाल संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। महिलाओं को उनके अधिकारों से अवगत कराने के साथ-साथ शिक्षा के महत्व, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा स्वरोजगार से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का संचालन समिति की सचिव सारिका महाडिक द्वारा किया गया। इस अवसर पर ग्राम सरपंच श्रीमती सेबिया ध्रुव, पंच रीना सिन्हा एवं बाल कल्याण समिति सदस्य ताकेश्वरी साहू द्वारा माताओं को बच्चों से संबंधित आवश्यक जानकारियाँ प्रदान की गईं।
समिति की सदस्य अधिवक्ता विनीता शर्मा द्वारा महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनों, महिला हेल्पलाइन नंबर तथा महिलाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसक घटनाओं की जानकारी दी गई। वहीं समिति सदस्य श्रीमती धानी मानिकपुरी द्वारा स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता विषय पर मार्गदर्शन देकर महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाया गया।
कार्यक्रम में समिति की सदस्य सारिका महाडिक, पुनिता साहू, साक्षी हूमने, मीनू गुप्ता, मुक्ति देवांगन, गुलेश्वरी ठाकुर, धानी मानिकपुरी, मंजु चनापे, मीता जाटवार, त्रिवेणी देवांगन एवं बिंदू वर्मा की सक्रिय उपस्थिति रही।

इसी क्रम में खम्हारीपारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर, पॉक्सो अधिनियम, बाल श्रम, बाल विवाह से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को परीक्षाओं में पूर्ण आत्मविश्वास के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और बच्चों में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित हुई।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments







