(संवाद एक्सप्रेस)रियाबंद। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग गरियाबंद द्वारा गांधी मैदान स्थित मंगल भवन में महिलाओं के सम्मान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलेभर से बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के योगदान को सम्मान देना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज में उनकी भूमिका को मजबूत बनाना रहा। आयोजन की शुरुआत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ की गई, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने खेल भावना के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम स्थल पर पूरे समय उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और अपनी मेहनत, प्रतिभा व आत्मविश्वास के बल पर नई पहचान बना रही हैं। चाहे शिक्षा का क्षेत्र हो, प्रशासन, स्वास्थ्य, व्यापार या सामाजिक सेवा—हर जगह महिलाएं अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को भी सम्मानित किया गया। विभाग द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर उनके कार्यों की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बाल विकास के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उनके योगदान को समाज हमेशा याद रखेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और समाज के विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और समान अवसरों के प्रति समाज को जागरूक करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।

वहीं नगर पालिका अध्यक्ष रिखी यादव ने कहा कि आज की महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर परिवार और समाज को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज दोनों का दायित्व है कि महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने भी महिलाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और उन्हें इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















