गरियाबंद/छुरा। शिक्षा व्यवस्था की लापरवाही का खामियाजा अब बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। छुरा विकासखंड के ग्राम राजपुर में पालकों ने स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर तालाबंदी कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, प्राथमिक शाला राजपुर में कुल पाँच कक्षाएं और 34 बच्चे हैं, लेकिन पढ़ाने के लिए केवल एक ही शिक्षक उपलब्ध है। स्कूल में दो शिक्षक पदस्थ हैं, मगर एक शिक्षिका स्कूल खुलने के बाद से ही लगातार छुट्टी पर हैं। इस वजह से बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही इस समस्या को लेकर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को आवेदन सौंपा था और जल्द समाधान की मांग की थी। लेकिन शिक्षा विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर नाराज़ पालकों ने मजबूरन स्कूल का ताला बंद कर धरना शुरू कर दिया है।
पालकों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक शिक्षक की कमी पूरी नहीं की जाती, तब तक यह तालाबंदी और धरना जारी रहेगा। अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग कब तक इस गंभीर समस्या का समाधान करता है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















