गरियाबंद। जिले के थाना छुरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चरौदा में 24 और 25 मई की मध्यरात्रि को हुई 50–60 लाख की लूट की घटना का खुलासा तीन माह बीत जाने के बाद भी पुलिस नहीं कर पाई है। अज्ञात लुटेरों ने व्यापारी सूर्यकांत अग्रवाल के घर का चैनल गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चाकू की नोंक पर पूरे परिवार को बंधक बनाकर हाथ-पांव व मुंह पर टेप लगाकर नकदी और कीमती गहनों की लूट को अंजाम दिया।

पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना के लगभग दो माह बाद लूट में छीना गया एक मोबाइल गांव के ही एक ग्रामीण को मिला था, जिसे पुलिस ने जब्त कर पूछताछ की थी, लेकिन उसके बाद भी अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
इस घटना के बाद से परिवारजन लगातार दहशत के साए में जी रहे हैं। परिजनों का कहना है कि जैसे ही रात होती है, उन्हें भय सताने लगता है कि कहीं अपराधी फिर से घर में न घुस जाएं। यहां तक कि घटना की रात बंधक बनाए गए दोनों स्कूली बच्चे आज भी मानसिक रूप से डर के कारण पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पा रहे हैं।

📌 विधायक से की शिकायत
26 अगस्त को बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनक ध्रुव छुरा दौरे पर पहुंचे, जहां पीड़ित परिवार ने आवेदन सौंपकर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। इस पर विधायक ने छुरा थाना प्रभारी व गरियाबंद एसपी से फोन पर चर्चा कर कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
📌 प्रदेश में बढ़ते अपराध पर चिंता
छत्तीसगढ़ प्रदेश में लूट, हत्या और साइबर ठगी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन असंतुष्ट नजर आ रहे हैं। समाजसेवियों का कहना है कि अपराध व नक्सलवाद पर अंकुश लगाने के साथ-साथ शासन की योजनाओं और न्याय को समय पर लोगों तक पहुंचाना भी जरूरी है, तभी लोग गलत दिशा की ओर भटकने से बचेंगे।
📌 ग्रामीणों और परिवार की मांग
पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र अपराधियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि न्याय मिल सके और गांव में व्याप्त भय का वातावरण समाप्त हो।
👉 यह घटना पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















