गरियाबंद। गरियाबंद जिले के आदिवासी विकासखंड मैनपुर अंतर्गत सहेबिनकछार क्षेत्र के ग्रामीणों ने अपनी लंबे समय से लंबित मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर बुधवार सुबह नेशनल हाईवे-130 सी (देवभोग–रायपुर मार्ग) पर चक्काजाम शुरू कर दिया। चक्काजाम के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, शिक्षा व्यवस्था, स्कूल भवन एवं शिक्षकों की नियुक्ति जैसी बुनियादी मांगों को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाते आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरी में उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।

चक्काजाम में सैकड़ों ग्रामीण शामिल हैं, जिनमें महिलाएं और बुजुर्ग भी मौजूद हैं। आंदोलन के कारण देवभोग–रायपुर मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। मौके पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रशासन के अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर जाम समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन और कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं प्रशासन का कहना है कि उच्च अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया गया है और समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















