(संवाद एक्सप्रेस)छुरा/गरियाबंद। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्हें घेरा। गरियाबंद जिले के छुरा में आयोजित नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम में पहुंची मंत्री राजवाड़े ने कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण सिर्फ एक विधेयक नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के सम्मान, अधिकार और नेतृत्व का प्रश्न है।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को लेकर वर्षों से मांग उठती रही, लेकिन जब इसे ऐतिहासिक मुकाम तक पहुंचाने का अवसर आया, तब कांग्रेस और विपक्ष ने भ्रम फैलाने तथा राजनीति करने का काम किया। उन्होंने संसद में विधेयक पास नहीं हो पाने को महिलाओं के सम्मान पर चोट बताते हुए इसे “काला अध्याय” करार दिया।

मंत्री राजवाड़े ने कहा कि कांग्रेस शुरू से तुष्टीकरण और परिवारवाद की राजनीति करती रही है तथा महिलाओं के अधिकारों को लेकर उसकी सोच कभी स्पष्ट नहीं रही। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को इस बात का डर है कि महिला आरक्षण का श्रेय भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाएगा, इसलिए इसे रोकने की साजिश की गई।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी नेतृत्व क्षमता साबित कर रही हैं। घर-परिवार की जिम्मेदारी निभाने के साथ सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में उनकी भागीदारी लगातार बढ़ रही है। नारी शक्ति आज परिवर्तन, प्रेरणा और सशक्त नेतृत्व की पहचान बन चुकी है। मंत्री ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा और यह लड़ाई महिलाओं के अधिकारों के लिए निर्णायक साबित होगी। उन्होंने कांग्रेस पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है और समय आने पर जवाब भी देगी।
कार्यक्रम के दौरान लक्ष्मी राजवाड़े ने महिलाओं को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। उन्होंने नारी शक्ति पर कविता गुनगुनाकर महिलाओं में उत्साह भरा और कहा कि आने वाला समय महिलाओं के सशक्त नेतृत्व का होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि वर्ष 2014 से केंद्र की भाजपा सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार जनहितकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के नाम पर राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास तथा बैंक खाते खोलकर उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया गया है। महिला आरक्षण के तहत 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने का भी प्रयास किया गया है। उन्होंने कांग्रेस पर महिलाओं के सम्मान की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव में महिलाओं का वोट सबसे बड़ी ताकत और निर्णायक हथियार है। सांसद चौधरी ने महिलाओं से जागरूक होकर अपने अधिकारों के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।

विधायक रोहित साहू ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों को वास्तविक रूप से आगे बढ़ाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को सशक्त नेतृत्व देने की सोच भाजपा की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। रोहित साहू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने हमेशा महिलाओं के अधिकारों को रोकने का काम किया है तथा महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी बाधाएं खड़ी की हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए संकल्पित है।
भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और राजनीतिक भागीदारी को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है, जबकि कांग्रेस ने वर्षों तक महिला आरक्षण को टालने और बाधित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं सिर्फ सहभागिता नहीं, बल्कि नेतृत्व की भूमिका में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने महिलाओं से एकजुट होकर नारी सम्मान और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री डॉ आशीष शर्मा ने किया।
इस मौके पर जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, जिला मंत्री सुरेन्द्र सोनटेके, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य शिवांगी चतुर्वेदी, लेखराज ध्रुवा, माधुरी साहू, मंडल प्रभारी प्रीतम सिन्हा, महामंत्री भारती साहू, खुशी साहू, मिलेश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष रिखी राम यादव, जनपद अध्यक्ष मीरा ठाकुर, नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी थानसिंग निषाद, मंडल अध्यक्ष खोमन चंद्राकर, सागर मयानी, सभापति रजनी लहरे, सभापति गरिमा ध्रुव, सभापति बलराज पटेल, सभापति भोलेशंकर जायसवाल, सभापति चित्तरेखा ध्रुव, थानसिंग निषाद, जिला महामंत्री ओबीसी मोर्चा, अध्यक्ष प्रतिनिधि दुलम बाई, संतोषी साहू, भगवंतिन सिन्हा, भारती सिन्हा, माहेश्वरी साहू, कामिनी यादव, सुनीता चंद्राकर, कुमारी निषाद, रूपा निषाद, हेमलता ध्रुवा, वेदिका वासनिक, लीना दुबे, शंकर सेन जिला सोशल मिडिया ओबीसी मोर्चा, संतोष ध्रुव जिला कोषाध्यक्ष st मोर्चा, तुलाराम साहू, मयंक सोनी, चन्द्रिका धिवर,सोनिया कोठारी, आरती गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं महिलाएं उपस्थित थे।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















