सुपेबेड़ा-निष्टिगुड़ा इलाके में कुछ सेकंड तक कांपी धरती, ओडिशा सीमा तक महसूस हुए झटके, राहत—कोई जनहानि नहीं
(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले के उड़ीसा सीमा से लगे देवभोग क्षेत्र में बुधवार देर रात अचानक आए भूकंप के झटकों ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। निष्टिगुड़ा के पास सुपेबेड़ा इलाके में जैसे ही धरती कांपी, लोग घबराकर अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक झटके इतने तेज थे कि कई ग्रामीणों ने जिंदगी में पहली बार ऐसा अनुभव किया। देवभोग और आसपास के गांवों में कुछ सेकंड तक महसूस हुए इन झटकों से घरों में रखे बर्तन और अन्य सामान हिलने लगे, जिससे लोगों को स्थिति की गंभीरता का एहसास हुआ।
घटना के बाद गांवों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं घरों से बाहर निकलकर खुले मैदानों में इकट्ठा हो गए और अपने परिजनों से फोन के माध्यम से संपर्क करते नजर आए।
हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम सतर्क हो गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना दें।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, भूकंप का असर उड़ीसा के कालाहांडी क्षेत्र तक महसूस किया गया। भले ही झटके कुछ ही समय के लिए थे, लेकिन इस घटना ने ग्रामीणों के मन में भय का माहौल जरूर पैदा कर दिया है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















