(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम में इस वर्ष गरियाबंद जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। जिला प्रशासन की नवाचारी पहल “गौरव गरियाबंद” अभियान का सकारात्मक प्रभाव परिणामों में स्पष्ट रूप से देखने को मिला है।
जिले में कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 92.89 प्रतिशत तथा कक्षा 10वीं का 84.16 प्रतिशत दर्ज किया गया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 12वीं में 3 प्रतिशत एवं 10वीं में 4 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। बेहतर प्रदर्शन के चलते 12वीं में गरियाबंद ने प्रदेश के 33 जिलों में 5वां स्थान हासिल किया, जबकि 10वीं में 14वां स्थान प्राप्त किया।

कलेक्टर बीएस उइके ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि यह सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कक्षा 12वीं में कुल 5,506 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5,473 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 3,571 प्रथम श्रेणी, 1,473 द्वितीय श्रेणी एवं 32 तृतीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। 300 विद्यार्थियों को पूरक परीक्षा देना होगा, जबकि कुल 5,076 विद्यार्थी उत्तीर्ण और 88 अनुत्तीर्ण रहे।
इसी तरह कक्षा 10वीं में 7,408 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7,287 परीक्षा में शामिल हुए। घोषित परिणाम में 7,263 विद्यार्थियों में से 3,716 प्रथम श्रेणी, 2,286 द्वितीय श्रेणी एवं 111 तृतीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। 539 विद्यार्थियों को पूरक मिला, जबकि 6,113 उत्तीर्ण और 611 अनुत्तीर्ण रहे।
इस दौरान टॉपर विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई, अनुशासन और टाइम-टेबल के पालन को दिया। उन्होंने बताया कि सफलता के लिए निरंतरता बेहद जरूरी है और उन्होंने मोबाइल व सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी।
कार्यक्रम में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए जल जीवन अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, अपर कलेक्टर ऋषा ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यार्थी, अभिभावक एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















