(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले के दशपुर बांध के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में युवक की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक यशवंत कुमार ध्रुव पिता रतिराम ध्रुव तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में खंभे से टूटकर नीचे झूल रहे बिजली तार की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक बाइक से गुजर रहा था, इसी दौरान बिजली का तार उसके गले में उलझ गया।

करंट इतना तेज था कि युवक और उसकी बाइक दोनों आग की चपेट में आ गए। देखते ही देखते बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई और युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना गरियाबंद जिले के दशपुर बांध के पास की बताई जा रही है। मृतक युवक दासपुर गांव का निवासी था। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। करंट फैलने के डर से लोग काफी देर तक शव के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना बिजली विभाग और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची टीम ने बिजली सप्लाई बंद कर शव को कब्जे में लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि टूटे तार की जानकारी पहले से होने के बावजूद समय पर सुधार कार्य नहीं किया गया, जिसके कारण युवक की जान चली गई।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















