(संवाद एक्सप्रेस)कोरबा। जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां रील बनाने के दौरान एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय निखिल सिंह अपने तीन दोस्तों के साथ अहिरन नदी में नहाने गया था। इसी दौरान उसने वीडियो बनाने के लिए नदी में छलांग लगाई। उसके दोस्त मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। छलांग लगाने के बाद निखिल करीब तीन मिनट तक पानी में हाथ-पैर मारता रहा, लेकिन दोस्तों को लगा कि वह सामान्य रूप से तैर रहा है।
कुछ ही देर में युवक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद कोई भी व्यक्ति उसे बचाने के लिए पानी में नहीं उतर पाया। घटना मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की गई। करीब 48 घंटे तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार देर शाम रेस्क्यू अभियान बंद किए जाने के दौरान अचानक युवक का शव नदी के पानी की सतह पर आ गया, जिसे बाहर निकाल लिया गया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं यह हादसा एक बार फिर सोशल मीडिया रील के लिए जोखिम उठाने के गंभीर परिणामों की ओर इशारा कर रहा है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















