(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद । जिले में हीरों की चमक आखिरकार पुलिस की नजरों से बच नहीं सकी। मैनपुर थाना और स्पेशल टीम ने ऐसी “चमकदार” कार्रवाई की कि 4 लाख 50 हजार रुपये के हीरों के साथ तीन कथित हीरा तस्कर सीधे सलाखों के पीछे पहुंच गए।
मामला 14 मई 2026 का बताया जा रहा है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सीकासार जाने वाले जीरो पॉइंट के पास कुछ लोग बहुमूल्य चमकीले पत्थर लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं। यानी “डील फाइनल” होने से पहले ही पुलिस ने एंट्री मार दी।

रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक महिला और दो पुरुषों को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी में महिला आरोपी भानुमति यादव के पास से 5 नग, कुशल नेताम के पास से 2 नग और अर्जुन पाण्डे के पास से 2 नग हीरे जैसे चमकीले खनिज पदार्थ बरामद हुए। कुल 9 नग की कीमत करीब 4.50 लाख रुपये आंकी गई है।
कहते हैं कि हीरे इंसान की किस्मत बदल देते हैं, लेकिन यहां तो किस्मत ऐसी पलटी कि ग्राहक की जगह पुलिस मिल गई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2), 3(5) और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी
भानुमति यादव, निवासी मोहंदा, थाना मैनपुर
कुशल नेताम, निवासी पीपल कन्हार, थाना पीपरछेड़ी
अर्जुन पाण्डे, निवासी बेगरपारा, थाना मैनपुर
जब्त सामग्री
09 नग चमकीले बहुमूल्य खनिज पदार्थ
अनुमानित कीमत: 4 लाख 50 हजार रुपये
गरियाबंद में अब चर्चा यही है कि “हीरे तो चमक रहे थे, लेकिन पुलिस की नजर उससे ज्यादा तेज निकली।”

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















