(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले के टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक सहित कई वनकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की गई और कर्मचारियों की वर्दी तक फाड़ दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम जैतपुरी गांव में करीब 250 एकड़ भूमि पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान टीम ने अतिक्रमण के मामले में 4 से 5 लोगों को हिरासत में लिया। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वन विभाग की टीम को घेर लिया।

बताया जा रहा है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और ग्रामीणों ने वन अमले के साथ जमकर धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इस दौरान टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक के कपड़े तक फाड़ दिए गए, वहीं कई कर्मचारियों की वर्दी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद वन विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया। टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक ने कहा है कि पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और हमले में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, घटना को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग भी सतर्क हो गया है। इलाके में स्थिति पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















