(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले के पांडूका वनपरिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिधनीपाठ के माता डोंगरी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। तेंदुए की लगातार गतिविधियों की खबर मिलते ही विभाग द्वारा गांव-गांव पहुंचकर माइक से मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की समझाइश दी जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात के समय कोई भी व्यक्ति अकेले घर से बाहर न निकले और जंगल व पहाड़ी क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचें। विभाग ने छोटे बच्चों को अकेले बाहर नहीं भेजने तथा शाम ढलते ही परिवार के सभी सदस्यों को घर के भीतर सुरक्षित रहने की सलाह दी है।
तेंदुए की सूचना के बाद गिधनीपाठ सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल किनारे जंगली जानवरों की आवाजाही पहले भी देखी जाती रही है, लेकिन इस बार तेंदुए के रहवास की खबर ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर मवेशी पालकों में भय अधिक देखा जा रहा है।
वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ने और सुरक्षित बाड़ों में रखने की सलाह दी गई है। साथ ही रात के समय खेतों और जंगल की ओर जाने से बचने को कहा गया है। विभाग ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल वन अमले या स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की है।
ग्रामीणों के अनुसार माता डोंगरी क्षेत्र घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों से घिरा हुआ है, जहां वन्यजीवों की आवाजाही सामान्य मानी जाती है। हालांकि तेंदुए की सक्रियता सामने आने के बाद गांवों में भय और सतर्कता दोनों बढ़ गई हैं।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की गई है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















