(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। लगता है तस्करों ने अब छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर को “ग्रीन कॉरिडोर” समझ लिया था। लेकिन देवभोग पुलिस ने उनके इस भ्रम पर ऐसा ब्रेक लगाया कि 130 किलो गांजा लेकर निकली पिकअप सीधे थाने पहुंच गई।
दरअसल, थाना देवभोग पुलिस खुटनांव अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच कर रही थी। तभी ओडिशा की ओर से एक संदिग्ध पिकअप वाहन UP 64 CT 5613 आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब गाड़ी रोकी तो चालक महोदय ने बड़े आराम से अपना नाम राहुल पाण्डेय, निवासी गाजीपुर उत्तरप्रदेश बताया। लेकिन गाड़ी के अंदर जो “माल” निकला, उसने सबको चौंका दिया।

तलाशी में 6 सफेद प्लास्टिक बोरियों से लगभग 130 किलो 160 ग्राम गांजा बरामद हुआ। कीमत इतनी कि छोटे-मोटे लोग जिंदगी भर EMI भरते रह जाएं — करीब 65 लाख रुपए का गांजा और ऊपर से 5.5 लाख की पिकअप अलग!
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजा ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जा रहा था। यानी “वन नेशन, वन सप्लाई” का नया मॉडल चल रहा था। लेकिन देवभोग पुलिस ने इस ‘डिलीवरी सिस्टम’ को समय रहते रोक दिया।
अब आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। उधर इलाके में चर्चा है कि पुलिस की चेकिंग देखकर अब तस्करों की GPS भी “रूट री-कैलकुलेट” कर रही होगी।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















