(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान बुधवार को अचानक एक बड़ा हादसा हो गया। कार्यक्रम स्थल पर भोजन बनाने की तैयारी चल रही थी, तभी वहां मौजूद एक पुराना पीपल का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में मौके पर मौजूद 7 लोग घायल हो गए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल पर रसोई व्यवस्था की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान तेज आवाज के साथ पीपल का विशाल पेड़ बीच से टूटकर नीचे गिर गया। पेड़ गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ के नीचे फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया। घायलों के हाथ, पैर और सिर में चोटें आई हैं। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है।

हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई। प्रारंभिक जांच में पेड़ के काफी पुराने और कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इधर, स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक कार्यक्रम स्थलों के आसपास मौजूद पुराने और जर्जर पेड़ों की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















