(संवाद एक्सप्रेस) बारमते
उत्तर बस्तर कांकेर,राम दरबार सिक्का विदेश में ऊंचे दामों पर बेचकर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 30,000 रुपये की ठगी करने वाले 04 आरोपियों को सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 
तकनीकी साक्ष्यों एवं मोबाइल नंबरों की जांच के आधार पर पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी सोहन साहू उर्फ अविनाश तिवारी सहित चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जिसमें आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया।
आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन,लैपटॉप,फर्जी आधार कार्ड,रक्षा मंत्रालय का फर्जी परिचय पत्र,जाली दस्तावेज,बैंक चेक,राम दरबार एवं बजरंगबली अंकित सिक्के,वाहन सहित अन्य सामग्री बरामद कर जब्त की गई है।
प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया,जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
कांकेर पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के लालच,निवेश या दुर्लभ सिक्कों की खरीद-बिक्री के नाम पर होने वाले प्रलोभनों से सावधान रहें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

















