(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। शुक्रवार को गरियाबंद मुख्यालय सहित जिले के कई क्षेत्रों में उस समय लोगों के बीच हलचल मच गई, जब अचानक मोबाइल फोन तेज अलर्ट टोन के साथ बजने लगे। जियो नेटवर्क का उपयोग कर रहे हजारों उपभोक्ताओं के मोबाइल स्क्रीन पर “अत्यंत गंभीर चेतावनी” (Extreme Alert) का संदेश दिखाई दिया। अचानक आए इस संदेश को देखकर कई लोग घबरा गए और यह जानने की कोशिश करने लगे कि आखिर मामला क्या है।
अलर्ट मिलने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर जानकारी ली, वहीं सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा शुरू हो गई। हालांकि संदेश को पूरा पढ़ने पर स्पष्ट हुआ कि यह मौसम विभाग की ओर से जारी किया गया इमरजेंसी वेदर अलर्ट था।
अलर्ट में बताया गया था कि अगले तीन घंटों के भीतर बस्तर और गरियाबंद जिले के कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई थी।
मौसम विभाग द्वारा भेजे गए इस अलर्ट का उद्देश्य लोगों को संभावित खराब मौसम के प्रति पहले से सचेत करना है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके। प्रशासन ने भी नागरिकों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, बड़े पेड़ों, बिजली के खंभों तथा कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार भारत सरकार द्वारा संचालित सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम के माध्यम से प्राकृतिक आपदाओं, आंधी-तूफान, भारी बारिश तथा अन्य आपात स्थितियों में सीधे मोबाइल उपभोक्ताओं तक चेतावनी संदेश भेजे जाते हैं। इसी व्यवस्था के तहत शुक्रवार को गरियाबंद जिले के मोबाइल उपभोक्ताओं को यह इमरजेंसी अलर्ट प्राप्त हुआ।
हालांकि अचानक बजने वाली चेतावनी ध्वनि ने कुछ समय के लिए लोगों को चौंका दिया, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे अलर्ट समय रहते लोगों को सतर्क कर संभावित नुकसान को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















