(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। कल 6 जून को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गरियाबंद आ रहे है। किसानों को हो रही विभिन्न समस्याओं और कृषि कार्यों में आ रही कठिनाइयों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गरियाबंद के अध्यक्ष अमित मिरी ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की है ।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश के किसान पिछले दो वर्षों से लगातार कृषि संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। तकनीकी दिक्कतों, सहकारी संस्थाओं से जुड़ी परेशानियों तथा संसाधनों की कमी के कारण किसानों को खेती-किसानी में अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। कृषि प्रधान जिला गरियाबंद के अधिकांश लोगों की आजीविका खेती पर निर्भर होने के कारण इन समस्याओं का व्यापक प्रभाव पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध कराने, लंबित सीमांकन आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत देने तथा कृषि कार्यों के लिए डीजल की उपलब्धता बढ़ाने की मांग की गई है।
इसके अलावा वर्षों से लंबित पैरी-घुम्मर नहर परियोजना को पूर्ण करने, सुशासन तिहार के दौरान ग्राम खरहरी में हुए हादसे के घायलों को बेहतर उपचार एवं आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा गरियाबंद-छुरा मार्ग के चौड़ीकरण की मांग भी उठाई गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि सड़क संकरी होने के कारण इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
कांग्रेस नेताओं ने जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में भी विस्तार करने की मांग करते हुए कहा कि अस्पताल केवल रेफर सेंटर बनकर रह गया है, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बाहर जाना पड़ता है।
अमित मिरी ने मुख्यमंत्री से किसानों और आम नागरिकों से जुड़े इन मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर राहत प्रदान करने का आग्रह किया है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















