(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले के वनांचल क्षेत्रों में तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले करीब पंद्रह दिनों से लगातार तेंदुआ आबादी वाले इलाकों के आसपास देखा जा रहा है और पालतू पशुओं को अपना शिकार बना रहा है। ताजा घटना ग्राम पंचायत जोबा के आश्रित ग्राम केराबाहरा में सामने आई है, जहां रविवार देर रात एक तेंदुआ घर में घुसकर दो बकरियों को मार गया।
जानकारी के अनुसार, केराबाहरा निवासी रेखाराम सोम के घर में बंधी दो बकरियों पर तेंदुए ने हमला कर दिया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। बकरियों की आवाज सुनकर जब तक परिजन बाहर निकलते, तब तक तेंदुआ दोनों बकरियों का शिकार कर चुका था। इसके बाद वह अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकला। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिनों पूर्व भी तेंदुए ने एक बछड़े का शिकार किया था। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में दहशत बढ़ती जा रही है। शाम होते ही लोग घरों में रहने को मजबूर हैं और खेतों व जंगल की ओर जाने से परहेज कर रहे हैं। ग्रामीणों का मानना है कि तेंदुए की बढ़ती मौजूदगी से बच्चों, महिलाओं और पशुपालकों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। विभाग ने तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी बढ़ाने की बात कही है। साथ ही प्रभावित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, तेंदुए की मौजूदगी वाले स्थानों की पहचान कर सुरक्षा उपाय करने तथा आबादी क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में किसी बड़ी जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, बच्चों को अकेला न छोड़ें और पालतू पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर बांधकर रखें। साथ ही तेंदुए की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही वन्यजीव गतिविधियों ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की चुनौती को उजागर कर दिया है, जिससे ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















