(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिला मुख्यालय से लगभग पांच किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बहेराबुड़ा में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बीती देर रात एक तेंदुआ गांव में घुस आया और घर के बाड़े में बंधे बछड़े पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद पूरे गांव में भय का वातावरण बन गया है।
जानकारी के अनुसार, बहेराबुड़ा निवासी वेदराम निषाद के घर के पास बंधे बछड़े पर तेंदुए ने देर रात हमला किया। सुबह जब पशुपालक बाड़े में पहुंचा तो बछड़ा वहां नहीं मिला। तलाश करने पर घर से कुछ दूरी पर बछड़ा मृत अवस्था में मिला, जिसके शरीर पर शिकार के स्पष्ट निशान थे।

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। लगातार वन क्षेत्रों से निकलकर जंगली जानवरों के गांवों की ओर आने की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने, नियमित गश्त कराने और आबादी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि किसी संभावित जनहानि की घटना को रोका जा सके। साथ ही पशुहानि का उचित मुआवजा देने और तेंदुए को आबादी क्षेत्र से दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी मांग की गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम द्वारा मामले की जांच की जा रही है। इधर, सरपंच प्रतिनिधि ग्राम पंचायत बहेराबुड़ा मनीष ध्रुव ने घटना की पुष्टि करते हुए ग्रामीणों से सतर्क रहने, रात में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















