(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस ने शनिवार को किरायेदारों एवं बाहरी नागरिकों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया। पुलिस की 6 टीमों ने थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दर्रापारा (केशोडार) में घर-घर पहुंचकर भौतिक सत्यापन किया और किराए पर रह रहे लोगों की जानकारी जुटाई।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 105 घरों की सघन जांच की गई। पुलिस ने मकान मालिकों से किरायेदारों का विवरण निर्धारित प्रपत्र में भरवाया तथा उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों की जानकारी एकत्र की।

पुलिस के अनुसार जिला मुख्यालय होने के कारण गरियाबंद में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा रोजगार और व्यवसाय के लिए बड़ी संख्या में बाहरी लोग भी निवास करते हैं। ऐसे में उनकी गतिविधियों एवं आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी रखना सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा उनके मूल निवास क्षेत्र के थानों से आपराधिक रिकॉर्ड भी मंगाए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान मकान मालिकों को ‘समाधान ऐप’ की जानकारी देते हुए किरायेदारों का ऑनलाइन सत्यापन कराने के लिए भी प्रेरित किया गया। पुलिस ने बताया कि ऐप के माध्यम से सत्यापन प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनाई गई है।

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि जिले में किरायेदार सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों का सत्यापन कराकर पुलिस का सहयोग करें, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















