(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। किसानों के खेतों तक पहुंचने वाली DAP खाद इस बार शायद किसी और ही मंजिल की ओर निकल पड़ी थी, लेकिन गरियाबंद पुलिस ने उसकी “रहस्यमयी यात्रा” पर समय रहते ब्रेक लगा दिया। देवभोग थाना क्षेत्र के ग्राम तेतलखुटी में पुलिस ने एक मेंटाडोर वाहन से 126 क्विंटल DAP खाद बरामद कर बड़ा खुलासा किया है।
मुखबिर की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने जब CG 07 CK 3719 नंबर के मेंटाडोर को रोका, तो उसमें DAP खाद की 280 बोरियां भरी मिलीं। हर बोरी में करीब 45 किलो खाद थी। कुल मिलाकर 12,600 किलो यानी 126 क्विंटल DAP वाहन में लदा था। बाजार मूल्य करीब 3.78 लाख रुपये आंका गया।

पुलिस ने चालक युधिष्ठिर दनता से पूछा कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में खाद कहां से आई और कहां जा रही है, लेकिन कागजातों की फाइल शायद कहीं रास्ते में ही “खाद” हो गई थी। चालक कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बिना टिकट चल रही इस “खाद एक्सप्रेस” को तत्काल जब्त कर लिया।
पुलिस ने DAP खाद के साथ करीब 5 लाख रुपये कीमत का मेंटाडोर भी जब्त किया। इस तरह कुल 8.78 लाख रुपये की संपत्ति पुलिस के कब्जे में आ गई है। अब कृषि विभाग और पुलिस यह पता लगाने में जुटे हैं कि यह खाद आखिर किसानों के खेतों के लिए थी या कालाबाजारियों की तिजोरी भरने के लिए।
गरियाबंद पुलिस का कहना है कि किसानों के हक पर डाका डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं खाद, बीज या अन्य कृषि सामग्री की कालाबाजारी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, क्योंकि किसानों का हक बचाना सबकी जिम्मेदारी है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















