(संवाद एक्सप्रेस)देवभोग/गरियाबंद। गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र के ग्राम कदलीमुड़ा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गांव के रहने वाले 35 वर्षीय लोकेश कुमार यादव, जो स्थानीय स्कूल में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत थे, की कुएं में कूदने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लोकेश कुमार यादव ने शराब के नशे की हालत में किसी मामूली विवाद के बाद यह आत्मघाती कदम उठाया। बताया जा रहा है कि घटना से पहले उन्होंने आपातकालीन सेवा डायल-112 पर भी फोन किया था। इसके कुछ ही देर बाद उन्होंने गांव के एक कुएं में छलांग लगा दी।

घटना की सूचना मिलते ही देवभोग पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















